| Events and Activities Details |
Volunteer Satyajit, who returned from the National Adventure Camp, was honored in college.
Posted on 17/11/2025
राष्ट्रीय साहसिक शिविर से लौटे स्वयंसेवक सत्यजीत का कॉलेज में सम्मान
जींद/अलेवा: गवर्नमेंट कॉलेज, अलेवा (जींद) में आज राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवक सत्यजीत के सम्मान में एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया। सत्यजीत ने हाल ही में मनाली, हिमाचल प्रदेश स्थित अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान (ABVIMAS) में आयोजित राष्ट्रीय साहसिक शिविर (National Adventure Camp) को सफलतापूर्वक पूरा किया है। समारोह की अध्यक्षता कॉलेज की कार्यवाहक प्राचार्या श्रीमती निधि गुप्ता ने की और इस अवसर पर NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनोज कुमार भी उपस्थित रहे।
स्वयंसेवक सत्यजीत ने 29 अक्टूबर 2025 से 07 नवंबर 2025 तक चले 10 दिवसीय साहसिक शिविर में कॉलेज का प्रतिनिधित्व किया और विभिन्न साहसिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्राचार्य श्रीमती निधि गुप्ता ने सत्यजीत की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर छात्रों में साहस, नेतृत्व और टीम भावना को विकसित करते हैं और उन्होंने अन्य छात्रों को भी NSS गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि सत्यजीत ने शिविर में पूर्ण अनुशासन और समर्पण का परिचय दिया। उन्होंने NSS के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण और सामाजिक कार्यों के लिए तैयार करने के महत्व पर प्रकाश डाला। सत्यजीत ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि पर्वतारोहण, ट्रेकिंग और अन्य साहसिक प्रशिक्षण ने उनके आत्मविश्वास को बढ़ाया है और उन्होंने यह अवसर प्रदान करने के लिए कॉलेज प्रशासन और NSS इकाई का आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन कॉलेज के प्राचार्य द्वारा स्वयंसेवक सत्यजीत को स्मृति चिन्ह और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित करने के साथ हुआ। यह कार्यक्रम कॉलेज के NSS इकाई के लिए एक प्रेरणास्रोत बना और युवाओं में साहसिक गतिविधियों के प्रति रुझान को बढ़ावा देगा।
|